
चंपावत। विधानसभा चुनाव के लिए 14 फरवरी को मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी दलों में अब चुनावी समीक्षा शुरू हो गई है। मतदान की प्रक्रिया होने के बाद कल भाजपा के प्रत्याशी कैलाश गहतोड़ी ने भाजपा संगठन के कुछ लोगों पर बिना नाम लिए ही भितरघात करने का आरोप लगाया था। भाजपा प्रत्याशी ने कहा था कि संगठन के कुछ लोगों ने उनका साथ नहीं दिया है और पार्टी का विरोध करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी के लिए काम किया है। भाजपा प्रत्याशी के इस आरोप के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष दीप पाठक ने बयान जारी कर कहा था कि यदि किसी भी पदाधिकारी के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों का साक्ष्य मिलेगा तो पार्टी उनके विरुद्ध कार्यवाही करेगी।इसी क्रम में आज भारतीय जनता पार्टी ने अल्पसंख्यक मोर्चा के नगर अध्यक्ष शहंशाह को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष मुनीर खान ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा नगर अध्यक्ष शहंशाह को पार्टी से निष्कासित करने की सूचना भाजपा जिला अध्यक्ष दीप पाठक, भाजपा मंडल अध्यक्ष पूरन महरा व प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री को भी दे दी है।



