

नई दिल्ली। मुंबई एटीएस को आज उस समय बड़ी सफलता मिली जब उसने 15 लाख रुपए का इनामी नक्सली को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार पुख्ता जानकारी मिलने के बाद एटीएस ने नालापारा के धनीव बाग के रामनगर के एक चॉल में छापा मारा था। जहां से 15 लाख के इनामी नक्सली कारू हुलास यादव को गिरफ्तार किया है। 45 साल का कारू मूल रूप से झारखंड के हजारीबाग जिले के डोडगा गांव का रहने वाला है।पूछताछ में कारू ने कबूल किया है कि वह 2004 से ही प्रतिबंधित माओवादी ग्रुप का सक्रिय सदस्य है। वह अब तक 30 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दे चुका है। पिछले कुछ दिनों से वह इलाज के लिए मुंबई में रह रहा था। बताया जा रहा है कि आज महाराष्ट्र एटीएस ने एक खास ऑपरेशन को अंजाम दिया। गिरफ्तार कारू हुलास यादव इलाज के लिए झारखंड से आया था और नालासोपारा में छुपकर रह रहा था। उसके पास से कुछ दस्तावेज भी बरामद होने की खबर है इस बीच एटीएस की टीम ने झारखंड पुलिस को इस इनामी नक्सली की गिरफ्तारी की सूचना दे दी है।






