बनबसा। 14 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार अपने जोरो पर है।इसी क्रम में उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत विधानसभा के प्रत्याशी कैलाश चंद्र गहतोड़ी के चुनाव प्रचार की कमान खुद संभाली है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने जहां बनबसा व टनकपुर तक रोड शो करने के बाद टनकपुर में जनसभा की थी,वहीं चुनाव प्रचार की समाप्ति से दो दिन पहले बनबसा पहुंच कर रोड शो कर,जनसभा को भी सम्बोधित किया।
बनबसा के मिनी स्टेडियम में उतरने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने बनबसा में रोड शो करते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
मुख्यमंत्री धामी ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए भाजपा की विकास योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि उनके वोट से मोदी जी व पुष्कर धामी मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी वर्गों के विकास की बात करती है। सरकार ने राज्य के विकास के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। साथ ही 10 साल का रोडमैप तैयार किया है। इसलिए राज्य को देश का नंबर वन राज्य बनाने के लिए लोग भाजपा को ही वोट दें। उन्होंने बनबसा में लंबित पड़े विकास कार्यों को जल्द पूर्ण करने का आश्वासन देते हुए जनता से पुन: भाजपा की सरकार बनाने की अपील की। इस मौके पर भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष बगौली,पूर्व जिला महामंत्री गोविंद सामंत, जिला पंचायत सदस्य किरन देवी, शिवराज सिंह कठायत, पूरन सिंह मेहरा, संजय अग्रवाल, भरत भंडारी, अक्षत अग्रवाल, हरीश भट्ट, मुकेश जोशी, हरीश हैसियत, बच्चन सिंह अधिकारी, विद्या जुकरिया, संदीप पाठक आदि मौजूद रहे।