नई दिल्ली।कुछ दिन से ठंड में अचानक बढ़ोतरी हो गई है पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठण्ड पड़ रही है। कोहरे और शीतलहर के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और ,उत्तराखण्ड में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले दो दिनों के लिए ठंड का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं। बिहार में भी ठंड से कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। साथ ही आने वाले दिनों में बारिश को लेकर भी अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 दिनों तक राजस्थान के लगभग आधे से ज्यादा जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही शीतलहर और पाला पड़ने की संभावना भी विभाग ने जताई है। स्काईमेट के मुताबिक, पंजाब, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति हो सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश और बिहार के कई स्थानों और पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी कोल्ड डे की स्थिति रहने की संभावना है। वहीं उत्तर पश्चिमी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, असम, त्रिपुरा और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है।