

टनकपुर, उत्तरकाशी के सिलक्यारा चारधाम सड़क परियोजना (ऑलवेदर रोड) की सुरंग में टनकपुर का एक युवक भी फंसा है। 80 घंटे बाद भी युवक समेत अन्य लोग सुरंग में फंसे हुए हैं। युवक के परिजन काफी चिंतित हैं। बेटे के सुरंग में फंसने की जानकारी मिलने के बाद परिजन उत्तरकाशी रवाना हो गए हैं।
टनकपुर के छीनीगोठ गांव निवासी पुष्कर ऐरी (22) पुत्र राम सिंह ऐरी उत्तरकाशी के सिलक्यारा की सुरंग में फंसा हुआ है। युवक के मामा महेंद्र सिंह ऐरी ने बताया कि दो माह पूर्व ही उनका भांजा पुष्कर अपने घर छीनीगोठ आया था। बताया कि वह उत्तरकाशी में ही ऑलवेदर परियोजना में मजदूरी का काम करता है। युवक के परिजनों की उससे आखिरी बार बात दिवाली से एक दिन पहले हुई थी। तब से उनके परिजनों की उससे बात नहीं हुई है। बताया कि युवक के सुरंग में फंसने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। बुधवार शाम कंपनी के मैनेजर से परिजनों की फोन पर बात हुई है। जिन्होंने युवक के सही सलामत होने की बात कही है। युवक के सुरंग में फंसने की सूचना मिलते ही परिजन उत्तरकाशी रवाना हो गए हैं। युवक के पिता मजदूरी करते हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। टनकपुर के छीनीगोठ गांव निवासी पुष्कर ऐरी का दोस्त सचिन जोशी भी उत्तरकाशी में सिलक्यारा सुरंग में मजदूरी का काम कर रहा था। दोनों के बीच गहरी दोस्ती है। सचिन ने बताया कि उसने दिवाली में पुष्कर से घर जाने की बात कही थी, लेकिन पुष्कर ने किसी कारणवश मना कर दिया। वह दिवाली के लिए पहले ही घर आ चुका है। पुष्कर भूस्खलन होने के बाद सुरंग में फंस गया। परिजनों ने सीएम पुष्कर धामी से रेस्क्यू कर युवक और सभी 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की गुहार लगाई है।



