टनकपुर। खेत में कार्य कर रही एक महिला के ऊपर जंगली सूअर ने हमला कर दिया, जिससे महिला घायल हो गई। स्वजनों ने महिला को संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। चम्पावत जिले के ग्राम ककनई के बुडम की रहने वाली महिला कलावती देवी पत्नी नारायण दत्त अपने खेत में कार्य कर रही थी। इस दौरान अचानक एक जंगली सूअर ने उन पर हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गईं। घायल अवस्था में कलावती देवी घर पहुंची, जिसके बाद उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है। ग्राम प्रधान गीता मेहरा ने बताया कि आए दिन जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है। जंगली जानवरों द्वारा किये जा रहे नुकसान के सम्बंध में वन विभाग को के बार सूचना देने पर भी जंगली जानवरों की रोकथाम के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने पीड़ित को उचित मुआवजा देने की मांग की है।