Apr 11, 2026

विक्रांत कश्यप से पूछताछ: दिल्ली और उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों पर हमले की साजिश का पुलिस ने किया पर्दाफाश

post-img

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल वाले उत्तराखंड दौरे से ठीक पहले राज्य की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और थाना प्रेमनगर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। संयुक्त टीम ने झाझरा क्षेत्र से पाकिस्तानी आतंकियों के इशारे पर काम करने वाले गद्दार विक्रांत कश्यप को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ की पूछताछ में विक्रांत कश्यप ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे दून में हाई अलर्ट पर हैं। पूछताछ में पता चला कि पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन अल-बद्र ब्रिगेड से जुड़े शहजाद भुट्टो ने विक्रांत को हिंदू आस्था से जुड़े स्थानों को निशाना बनाने का टास्क सौंपा था। आरोपी के पास से विदेश में बनी पिस्टल भी बरामद की गई है।

सबसे खतरनाक खुलासा यह है कि विक्रांत को दिल्ली में एक संगठन के कार्यकर्ताओं पर हैंड ग्रेनेड से हमला करने का टास्क भी दिया गया था। जांच में सामने आया कि वह पाकिस्तानी हैंडलर से बार-बार पूछ रहा था- “कहां आलू गिराने हैं?” और जवाब आता था-“अभी वेट करो”। जांच एजेंसियों ने पुष्टि की कि ‘आलू गिराना’ हैंड ग्रेनेड हमले का कोडवर्ड था। आरोपी को इन कामों के बदले नेपाल के रास्ते दुबई भेजकर बसाने और मोटी रकम देने का लालच दिया गया था। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि इसी आतंकी नेटवर्क से जुड़े लोगों ने पंजाब के गुरदासपुर में फरवरी 2026 में एक पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड की हत्या की थी। विक्रांत कश्यप के पास से मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, चैट्स और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है। एजेंसियां अब उसके अन्य साथियों और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। जांच का दायरा उत्तराखंड से बाहर अन्य राज्यों में भी बढ़ा दिया गया है। यह गिरफ्तारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब पूरे क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। एसटीएफ ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।