govt-ads

उत्तराखण्ड क्राइम न्यूजः हरिद्वार के कलियर में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला

Blog
 Image

कलियर। कोतवाली क्षेत्र में रेन बसेरे में ठहरे एक परिवार की छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आने से हड़कंप मच गया। बच्ची मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजन देर रात तक उसे आसपास के क्षेत्र में तलाशते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह बच्ची वापस लौटी तो उसकी हालत देखकर परिजन सकते में आ गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार मूल रूप से बरेली निवासी एक परिवार कलियर में हाजिरी देने के लिए आया था। परिवार रेन बसेरे में ठहरा हुआ था। मंगलवार शाम परिवार के सदस्य लंगर लेने के लिए गए थे। इसी दौरान छह वर्षीय बच्ची अचानक लापता हो गई। परिजनों को जब बच्ची आसपास नजर नहीं आई तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। रेन बसेरे के आसपास के इलाकों के साथ ही संभावित स्थानों पर बच्ची को खोजा गया, लेकिन देर रात तक उसका पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह बच्ची वापस पहुंची। उसकी स्थिति को देखते हुए परिजनों ने तत्काल पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। सीओ बहादराबाद देवव्रत जोशी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल भेजा। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रेन बसेरे और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची लापता होने के बाद किन परिस्थितियों में वहां से बाहर गई और सुबह वापस कैसे पहुंची। आसपास के संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही क्षेत्र में चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज के साथ अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले का जल्द खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश और चेकिंग की जा रही है।