रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में आज शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कुट्टू के आटे से बने भोजन खाने से लोगों की तबीयत बिगड़ गयी। इस दौरान एक के बाद एक करीब 11 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। बताया जा रहा है कि भोजन करने के कुछ ही समय बाद लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी गंभीर शिकायतें शुरू हो गईं। हालत बिगड़ने पर सभी को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया। मामला रम्पुरा और सुभाष काॅलोनी से जु़ड़ा है। पीड़ितों में शामिल सौरव राठौर ने बताया कि खाना खाने के थोड़ी देर बाद ही उन्हें, उनकी मां और बहन को तेज उल्टी और पेट दर्द की समस्या होने लगी। जैसे-जैसे हालत बिगड़ती गई, परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत अस्पताल का रुख किया। डॉक्टरों के अनुसार कुल 11 मरीजों में से 5 की हालत सामान्य होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई, जबकि 6 मरीजों की स्थिति गंभीर होने के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कर इलाज जारी है। अस्पताल के फिजिशियन डॉ. एमके तिवारी ने बताया कि सभी मरीजों पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरी चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। शुरुआती जांच में कुट्टू के आटे के दूषित होने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं और लोगों से अपील की है कि व्रत के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतें। इधर मामले में दुकानों पर छापेमारी भी की गयी है। यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर कितनी निगरानी रखी जा रही है।
Trending
आदि कैलाश यात्रा 2026: पिथौरागढ़ प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और संचार व्यवस्था की पुख्ता
रुद्रपुर घटना: मरीजों में फूड पॉइजनिंग के लक्षण
उत्तराखंड में एक अप्रैल से शुरू किया जाएगा राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण, मार्च 2027 तक चलेगा
खाड़ी एयरस्पेस से बचने पर उड़ानों के रूट हुए लंबे
भीमताल मोड़ से ज्यौलीकोट होते हुए निकलेंगे वाहन, हल्द्वानी ट्रैफिक पुलिस ने बदला अपना रूट प्लान
राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे ने अध्यात्म के महत्व को उजागर किया
66 मीटर कपड़ा और भोजन का खर्च अब वेतन का आधार, उत्तराखंड में श्रमिकों की बल्ले-बल्ले
उत्तराखंड वेदर अपडेट: हरिद्वार और ऋषिकेश में भी बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू