सुरक्षा कारणों से राहुल गांधी की हेलीकॉप्टर उड़ान रद्द

Blog
 Image

रुद्रपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का बहुप्रतीक्षित उत्तराखंड दौरा गुरुवार को खराब मौसम की भेंट चढ़ गया। अल्मोड़ा और पौड़ी में प्रस्तावित उनके महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रभावित हो गए, जिसके चलते उन्हें निर्धारित सभाओं में व्यक्तिगत रूप से शामिल हुए बिना ही दिल्ली लौटना पड़ा। हालांकि कांग्रेस की ओर से दौरे के पूर्ण रूप से रद्द होने की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन घटनाक्रम को देखते हुए इसे व्यावहारिक रूप से रद्द माना जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी सुबह पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां से उन्हें हेलीकॉप्टर के माध्यम से अल्मोड़ा रवाना होना था। बताया गया कि हेलीकॉप्टर ने अल्मोड़ा के लिए उड़ान भी भरी, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण उसे वापस पंतनगर लौटना पड़ा। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) की अनुमति नहीं मिलने के कारण हेलीकॉप्टर को आगे बढ़ने की इजाजत नहीं दी गई। इसके बाद पंतनगर एयरपोर्ट पर राहुल गांधी ने काफी देर तक मौसम के सामान्य होने का इंतजार किया, लेकिन मौसम में अपेक्षित सुधार नहीं होने के कारण उन्हें अपना कार्यक्रम बदलना पड़ा। इसके बाद उन्होंने अल्मोड़ा में आयोजित जनसभा और कार्यक्रम को फोन तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि वह दिल्ली से उत्तराखंड तो पहुंच गए थे और जनता के बीच आने के लिए उत्साहित थे, लेकिन खराब मौसम के कारण अल्मोड़ा नहीं पहुंच सके। उन्होंने इसके लिए जनता से खेद व्यक्त करते हुए कहा कि वह जल्द ही दोबारा उत्तराखंड आकर लोगों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने अपने संक्षिप्त संबोधन में प्रदेश और देश के विभिन्न मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। राहुल गांधी के अल्मोड़ा नहीं पहुंच पाने से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में पहुंचे समर्थकों में मायूसी देखने को मिली। कई कार्यकर्ता सुबह से ही उनके स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए थे और उनके संबोधन को लेकर उत्साह का माहौल था।

इस बीच कांग्रेस के विधायक काजी निजामुद्दीन ने भी पुष्टि की कि खराब मौसम और एटीसी की अनुमति नहीं मिलने के कारण राहुल गांधी का हेलीकॉप्टर वापस लौट आया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा और मौसम संबंधी मानकों को देखते हुए आगे की उड़ान संभव नहीं हो सकी। वहीं विधायक तिलकराज बेहड़ ने राहुल गांधी के अल्मोड़ा नहीं पहुंच पाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं में राहुल गांधी को लेकर भारी उत्साह था, लेकिन मौसम की वजह से कार्यक्रम प्रभावित हो गया। बेहड़ ने इस दौरान प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रभावित हुए हैं और अंततः राहुल गांधी को दिल्ली के लिए रवाना होना पड़ा। सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी का पौड़ी में पूर्व सैनिकों के साथ प्रस्तावित सम्मेलन भी प्रभावित हुआ है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने कार्यक्रमों को सीमित करते हुए दिल्ली लौटने का फैसला किया। बता दें कि राहुल गांधी के इस दौरे को लेकर कांग्रेस ने व्यापक तैयारियां की थीं। अल्मोड़ा और पौड़ी दोनों स्थानों पर पार्टी संगठन ने बड़ी संख्या में लोगों को जुटाने की योजना बनाई थी। ऐसे में खराब मौसम के कारण कार्यक्रम प्रभावित होने से पार्टी को राजनीतिक तौर पर भी झटका लगा है। फिलहाल कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को लेकर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि पार्टी नेताओं का कहना है कि भविष्य में उनके नए कार्यक्रम की घोषणा की जा सकती है।