नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी में एक बड़ा संगठनात्मक बदलाव सामने आया है। पार्टी ने राज्यसभा में अपने उपनेता पद से राघव चड्ढा को हटा दिया है, जिसे उनके लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। पार्टी ने अब अशोक मित्तल को राज्यसभा में डिप्टी लीडर यानी उपनेता की जिम्मेदारी सौंपी है। इस संबंध में आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को औपचारिक पत्र भेजकर जानकारी दे दी है। सूत्रों के मुताबिक यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब राघव चड्ढा पिछले कुछ समय से पार्टी और उससे जुड़े अहम मुद्दों पर चुप नजर आ रहे थे। इतना ही नहीं, पार्टी ने हाल ही में उन्हें आगामी विधानसभा चुनावों के स्टार प्रचारकों की सूची से भी बाहर कर दिया था। जानकारी यह भी सामने आई है कि पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय से यह अनुरोध किया है कि राघव चड्ढा को सदन में बोलने के लिए समय आवंटित न किया जाए, जिससे यह संकेत मिलता है कि संगठन के भीतर उनकी भूमिका सीमित की जा रही है। हालांकि पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि इस फैसले के पीछे कोई स्पष्ट या अनुशासनात्मक कारण नहीं है और राघव चड्ढा को किसी भी पार्टी-विरोधी गतिविधि का दोषी नहीं पाया गया है। लेकिन यह जरूर माना जा रहा है कि पार्टी इस बदलाव के लिए लंबे समय से सही समय का इंतजार कर रही थी।
सूत्रों के अनुसार राघव चड्ढा कई महत्वपूर्ण मौकों पर पार्टी गतिविधियों से दूरी बनाए हुए थे। इनमें वह समय भी शामिल है जब अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को आबकारी नीति मामले में राहत मिलने के बाद पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन किया था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान चड्ढा धीरे-धीरे पार्टी नेतृत्व से दूर होते गए। हालांकि फिलहाल उन्हें निलंबित करने की कोई योजना नहीं है। पार्टी नहीं चाहती कि इस तरह के किसी कदम से उन्हें राजनीतिक सहानुभूति का दर्जा मिल जाए। गौरतलब है कि हाल ही में राघव चड्ढा ने मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ान यात्री कैफे की सराहना की थी, जो महाराष्ट्र में एनडीए सरकार के तहत संचालित है। इस बयान के भी राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। फिलहाल यह साफ है कि आम आदमी पार्टी के भीतर बड़ा रणनीतिक बदलाव चल रहा है और आने वाले दिनों में इसकी दिशा और भी स्पष्ट हो सकती है।
Trending
शीतकालीन से ग्रीष्मकालीन तीर्थयात्रा की ओर: सीएम धामी ने रामनगर में चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों पर अपडेट साझा किए
राघव चड्ढा अब राज्यसभा उपनेता नहीं रहे
श्रीमद्भागवत कथा का समापन 2026 हिमालयी ट्रेकिंग और तीर्थयात्रा सीजन से पहले देहरादून के निवासियों के लिए एक आध्यात्मिक मील का पत्थर है
सुगम और सुरक्षित तीर्थयात्रा सुनिश्चित करना: उत्तराखंड चारधाम यात्रा 2026 की सफलता के लिए सरकार और स्वास्थ्य विशेषज्ञ एक साथ
उत्तराखंड साहसिक पर्यटन को झटका, पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक अशांति के कारण विदेशी ट्रेकिंग बुकिंग बड़े पैमाने पर रद्द
ग्रीन कार्ड के लिए व्यावसायिक वाहनों का पंजीकरण उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 सीजन की औपचारिक उल्टी गिनती का प्रतीक है
भव्य जनगणना गणना की तैयारी के लिए हाउस नंबरिंग चरण 25 अप्रैल से शुरू, भारत भर के हर आवासीय क्षेत्र की सख्त निगरानी होगी
ऑपरेशन प्रहार के हालिया चरण के दौरान देहरादून पुलिस ने सख्त यातायात अनुशासन लागू कर 150 से अधिक वाहनों पर जुर्माना लगाया