Mar 05, 2026

ईरान-इजरायल तनातनी: उत्तराखंड सरकार ने प्रवासियों के लिए जिलावार डेटाबेस अपडेट करने के दिए निर्देश

post-img

ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात को देखते हुए उत्तराखंड सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सभी संबंधित विभागों व एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विदेश में मौजूद उत्तराखंड के नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी नागरिक को नुकसान नहीं पहुंचने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार लगातार केंद्र सरकार के संपर्क में है। विशेष रूप से दिल्ली स्थित गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि जैसे ही केंद्र सरकार या प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से कोई दिशा-निर्देश प्राप्त होंगे, राज्य सरकार उसी के अनुरूप तुरंत कदम उठाएगी। सीएम धामी ने कहा कि ईरान या इजरायल में यदि उत्तराखंड के लोग फंसे हुए हैं तो उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए राज्य सरकार लगातार वहां रह रहे लोगों और उनके परिजनों से संपर्क में है। उनकी स्थिति की जानकारी ली जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें मदद उपलब्ध कराने की तैयारी भी की जा रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संवेदनशील परिस्थिति में राज्य सरकार पूरी गंभीरता के साथ स्थिति का आकलन कर रही है। उन्होंने कहा, “हम लगातार प्रधानमंत्री कार्यालय और विदेश मंत्री कार्यालय के संपर्क में हैं। हमारी कोशिश है कि उत्तराखंड के रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। इस कठिन समय में हम अपने हर नागरिक के साथ खड़े हैं। हम उत्तराखंड के एक भी नागरिक को नुकसान नहीं पहुंचने देंगे।” उन्होंने यह भी संकेत दिया कि जरूरत पड़ने पर राज्य स्तर पर विशेष समन्वय तंत्र तैयार किया जाएगा, जिससे राहत और नागरिकों की सुरक्षित वापसी की प्रक्रिया में कोई बाधा न आए। इसके तहत प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जाएगा। राज्य सरकार का कहना है कि विदेशों में रहने वाले उत्तराखंड के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। यदि हालात और गंभीर होते हैं तो केंद्र सरकार के साथ समन्वय कर विशेष कदम भी उठाए जा सकते हैं। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए राज्य सरकार ने साफ कर दिया है कि किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।