हाथरस (उत्तर प्रदेश)|शादी की खुशी में दुल्हन ने की कई राउंड फायरिंग मामला पुलिस तक पहुंचा तो दुल्हन फरार हो गई। कोतवाली हाथरस जंक्शन के एसएचओ गिरीश चंद गौतम ने कहा, ”हाथरस जंक्शन इलाके की रहने वाली दुल्हन रागिनी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दुल्हन रागिनी को गिरफ्तारी की खबर लगते ही फरार हो गई, उसकी तलाश की जा रही है। हम उस व्यक्ति की भी पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसने दुल्हन को पिस्तौल सौंपी। आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक दुल्हन पिस्तौल थामे और हवा में कई राउंड फायरिंग करती दिख रही है, और दूल्हा उसके बगल में चुपचाप बैठे हैं । पुलिस ने 23 वर्षीय दुल्हन के खिलाफ शादी के दिन जश्न में फायरिंग करने के आरोप में केस दर्ज किया है। हाथरस जिले के एक गेस्ट हाउस में शुक्रवार रात हुई इस घटना का दुल्हन के एक रिश्तेदार ने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। कथित वीडियो में एक अज्ञात व्यक्ति रागिनी के रूप में पहचानी जाने वाली दुल्हन को पिस्तौल थमाते हुए दिख रहा है, जिसे जयमाल समारोह के बाद हवा में फायरिंग करते देखा जा सकता है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने कहा, मामले की जांच की जा रही है। हाथरस जंक्शन थाने के प्रभारी गिरीश चंद गौतम ने कहा कि जिसके नाम पर बन्दूक का लाइसेंस जारी किया गया था, उस पर भी रविवार को मामला दर्ज किया गया है।