उत्तराखण्ड। विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच आज देहरादून पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तराखण्ड के लिए कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी कर दिया है।कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र को ‘उत्तराखंडी स्वाभिमान प्रतिज्ञा पत्र’ नाम दिया है। इस मौके पर प्रियंका गांधी ने उत्तराखंड के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों से वर्चुअल रैली को संबोधित किया।रैली को सम्बोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार में एलपीजी सिलेंडर के दाम एक हजार रुपये पार हो गए हैं और पहाड़ पहुंचते-पहुंचते रसोई गैस के दाम दो हजार रुपये तक हो जाते हैं।प्रियंका गांधी ने कहा कि रसोई गैस के दाम किसी भी सूरत में 500 रुपये के पार नहीं होंगे।
भाजपा पर प्रहार करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि विकास के नाम पर उत्तराखंड में सिर्फ बातें ही बातें हुईं हैं,जबकि उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाओं के लिए कई-कई किमी पैदल चलना पड़ता है।
घोषणापत्र की प्रमुख बातें:
1- कांग्रेस की उत्तराखंड में सरकार बनते ही चार लाख सरकारी नौकरी, रिक्त पदों काे भरने पर विशेष फोकस।
2- परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा का लाभ।
3- सरकारी नौकरियों में 40 फीसदी पद महिलाओं के लिए आरक्षित
4- पर्यटन को बढ़ावा देने को रणनीति बनाकर काम किया जाएगा।
5- पुलिस विभाग में महिलाओं के लिए 40 फीसदी पद रिजर्व।
6- स्थानीय लोगो को प्राथमिकता देते हुए पर्यटन पुलिस का गठन
7- आशा-आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय डेढ़ गुणा बढ़ाया जाएगा।
8- कमजोर परिवार को सालाना 40 हजार की आर्थिक मदद।
9- स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस,ड्रोन से दवाइयां पहुंचाएंगे।
10- महंगाई को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाएंगे।