

देहरादून। उत्तराखण्ड में आज शारदीय नवरात्र की नवमी के अवसर पर मंदिरों के साथ ही घरों में दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जा रही है। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा और हर तरफ आस्था और प्रसन्नता की बयार बह रही है। नवरात्रि मे नई फसल का चढ़ावा भी किया जाता है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कन्या पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कन्याओं के चरण धोकर अपने हाथों से भोजन भी करवाया। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी गीता धामी भी शामिल रही। इस दौरान मुख्यमंत्री ने निर्मल बुद्धि एवं अष्ट सिद्धियों की प्रदाता माँ सिद्धिदात्री से प्रदेश एवं प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना भी की। उधर नवरात्रि के अवसर पर उत्तराखंड के सिद्धपीठों में नवमी पूजन धूमधाम से किया गया। बाजारों में भी खूब चहल-पहल दिखी। मंदिरों व घरों में कन्याओं का पूजन कर भोजन कराया और जौ की हरियाली को प्रसाद के रूप में वितरित किया।






