

खटीमा-कैप्टन गंभीर सिंह धामी पूर्व सैनिक संगठन में अध्यक्ष चुने गए हैं। इसके अलावा राजेंद्र सिंह अधिकारी उपाध्यक्ष, होशियार सिंह बोहरा सचिव ,और दान सिंह बोरा कोषाध्यक्ष चुने गए। रविवार को ब्लॉक सभागार में कोर कमेटी अध्यक्ष कुंवर सिंह खनका की देखरेख में चुनाव हुआ। सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष पद के 11 प्रत्याशियों के लिए 2482 मतदाताओं में से 1817 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान करने के लिए सुबह से ही पूर्व सैनिकों की भीड़ रही। मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद शाम छह बजे से मतगणना हुई। सर्वप्रथम मतपत्रों की गड्डियां बनाई गई। उसके बाद वोटों की गिनती शुरू हुई। अध्यक्ष पद पर कैप्टन गंभीर सिंह धामी ने अपने प्रतिद्वंद्वी धन बहादुर चंद को 228 मतों से पराजित किया। गंभीर सिंह धामी को 660 एवं धन बहादुर चंद को 432 मत मिले। पूर्व सैनिकों ने अनुशासन का परिचय देकर शांत माहौल में चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराया। चुनाव में विजयी रहे प्रत्याशियों ने पूर्व सैनिकों का आभार व्यक्त किया।






