देहरादून के व्यस्ततम इलाकों में पुलिस की विशेष चेकिंग, उपराष्ट्रपति के आगमन पर सुरक्षा घेरा सख्त

Blog
 Image

देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 23 अप्रैल को होने वाले देहरादून दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। उपराष्ट्रपति की सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए राजधानी को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप और एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने मंगलवार को पुलिस लाइन में अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग कर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया।

ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी तैनात पुलिसकर्मियों को अपनी ड्यूटी पॉइंट पर निर्धारित समय से 3 घंटे पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। बिना वैध पहचान पत्र और ड्यूटी कार्ड के किसी भी कर्मी को प्रवेश नहीं मिलेगा। ड्यूटी शुरू करने से पहले प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने आवंटित क्षेत्र की गहन जांच करने के आदेश दिए गए हैं। उपराष्ट्रपति के मूवमेंट वाले रूट पर स्थित सभी ऊंची इमारतों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों ने पानी की टंकियों, फ्लाईओवर और संवेदनशील स्थानों को बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की मदद से खंगालना शुरू कर दिया है। संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान पूरे क्षेत्र को 'नो फ्लाई जोन' घोषित किया गया है। किसी भी निजी व्यक्ति या संस्था द्वारा ड्रोन संचालित करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही कड़ी सुरक्षा जांच के बाद प्रवेश दिया जाएगा। कार्यक्रम समाप्ति के बाद भगदड़ जैसी स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस को विशेष रूप से अलर्ट किया गया है। शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने की अनुमति होगी। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्रों के होटल, धर्मशाला, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर सत्यापन अभियान चलाएं। बाहरी राज्यों से आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की विशेष निगरानी की जा रही है ताकि वीवीआईपी दौरे को निर्विघ्न और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके।